बाराबंकी। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। कई जगह पेड़ गिरने से तार टूट गए तो कहीं बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। फाल्ट के चलते शहर के कई मोहल्लों में पांच घंटे बिजली गुल रही। इनकमिंग ट्रांसफार्मर फुुंकने, इंसुलेटर में पानी आने, जंपर उड़ने, तार टूटने व अन्य फाल्ट आने के कारण जिले के करीब साढ़े 12 सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इससे करीब 13 लाख आबादी प्रभावित है।
बृहस्पतिवार भोर से ही शुरू हुई बारिश के चलते शहर समेत ग्रामीण इलाकों की बिजली घंटों गुल रही। शहर में पल्हरी उपकेंद्र में फाल्ट के चलते लखपेड़ाबाग, लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, मकदूमपुर, भारतपुरम, बाल बिहार, मुनेश्वर विहार मोहल्ले की पांच घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। कंपनीबाग, नेहरू नगर, सिविल लाइन, ओबरी की बिजली दो घंटे गुल रही। इससे करीब 80 हजार आबादी प्रभावित रही।
हैदरगढ़ उपकेंद्र के दो इनकमिंग ट्रांसफार्मर फुंकने और 33 केवीए लाइन में फाल्ट से बिजली बाधित हो गई। इससे क्षेत्र के बुढ़नापुर, जलालपुर, बारा, रौनी, वैद्यखेरा, भितरी, मनी का पुरवा, तेजवापुर, सरैंया, गोतौना, सोनिकपुर, रायपुर, जमुनीपुर समेत करीब पांच गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे करीब साढ़े पांच लाख आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। करीब आठ घंटे बाद कस्बा समेत डेढ़ सौ गांवों की बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी है।
रामनगर में बारिश के चलते सप्लाई का नेटवर्क बैठ गया। इससे करीब चार लाख आबादी प्रभावित रही। नगर पंचायत रामनगर, कोटवाधाम समेत कई इलाकों में आधी रात से बिजली नहीं आई। इससे लोग बृहस्पतिवार दोपहर तक बिजली का इंतजार करते रहे। फाल्ट का पता लगाने में ही कर्मचारी घंटों जूझते रहे।
मधवा जलालपुर, कड़का पुर, ददौरा, रानीबाजार, कांप, सीहामऊ सहित रामनगर डिवीजन के 350 गांवों में 9 घंटे बिजली गुल रही। जो दोपहर दो बजे के बाद बहाल हुई। फतेहपुर के बसारा गांव के पास मुख्य लाइन में फाल्ट के चलते कस्बा समेत करीब ढाई सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बेलहरा, त्रिलोकपुर, माती, बड्डूपुर, छेदा इसरौली, हसनपुर टांडा, मदनपुर, भगौली, गौरासैलक, असोहना, रौजा, सिहाली, जहांगीराबाद आदि गांवों की बिजली गुल रही। करीब 15 घंटे बाद बेलहरा, बड्डूपुर, छेदा इसरौली समेत 25 गांवों की आपूर्ति शुरू हुई। शाम तक करीब सवा दो सौ गांवों की बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे करीब तीन लाख आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रामसनेहीघाट में जैदपुर फीडर के पास जंगल में तार टूटने से पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे बैसनपुरवा, चंदौली, मालिनपुर, दरौली, ताला, बनीकोडर, सनौली समेत कई गांवों की 65 हजार आबादी प्रभावित रही। दरियाबाद के तारापुर, मालिनपुर, नोहरेपुर, उसरी समेत 25 गांव की बिजली गुल रही।
दस घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। पावर कॉर्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि बारिश से कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। तार टूटने और ब्रेक डाउन की समस्या आई है। फॉल्ट दुरुस्त करा दिये गये हैं। सभी एसडीओ व जेई को फील्ड में रहने औैर सतत मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।