हैदगरढ़ (बाराबंकी)। सपा नेता एमएलसी राजेश यादव की अगुवाई में मंगलवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करने जा रहे सपाईयों को घरकुंइया गांव के पास पुलिस ने रोक लिया। धक्कामुक्की के बाद कोतवाली पुलिस सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची, जहां सपाइयों ने धरना शुरु कर दिया।
सपा एमएलसी राजेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास अखिलेश यादव ने किया था, इसलिए शुभारंभ का अधिकार भी समाजवादियों को है। धरने के दौरान कोतवाली में मौजूद एसडीएम शालिनी प्रभाकर व प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार वर्मा ने वार्ता कर सभी को शांत किया, इसके बाद सभी वापिस चले गए।
मौके पर पूर्व विधायक राममगन रावत, चौधरी अदनान, नेहा आनंद समेत कई मौजूद रहे। उधर, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का सोमवार को शुभारंभ करने का दावा करने वाले सपा नेता व कार्यकर्ताओं के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाल बीके वर्मा ने बताया कि सपा के गौतम रावत, विजय रावत, राधेश्याम यादव, विकास यादव, विशाल सिंह व अभिषेक सहित चार अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मालूम रहे कि सपा नेता गौतम रावत ने समर्थकों के साथ सोमवार की शाम एक्सप्रेस वे पर पहुंच कर नारियल फोड़ा और फीता काटा था। सोशल मीडिया पर फोटो व वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। (संवाद)