घुंघटेर (बाराबंकी)। खेत से घर लौट रहे किसान को एक तेज रफ़्तार बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों की निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के सोहीपुर निवासी किसान मोहम्मद फारुक (28) बुधवार को अपने खेतों में लगी धान की फसल को मवेशियों से बचाने के लिए गया था। जहां से रात करीब 11 बजे वह पैदल अपने घर वापस आ रहा था। गांव से पहले रास्ते में एक तेज रफ़्तार बाइक सवार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। बाइक इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आननफानन में दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान फारुक की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल है। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)