फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बालक की हत्या कर घर में दफना दिया शव

विज्ञापन
विज्ञापन
देवा (बाराबंकी)। अपनी पुत्री के तिरस्कार से नाराज एक पड़ोसन महिला ने चार वर्षीय एक बालक की गला घोंट कर हत्या कर दी। उसके बाद शव को अपने घर की कोठरी की गड्ढा खोदकर दफना दिया। बालक की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने गांव में जाकर जांच की।
विज्ञापन

शक होने पर जब महिला के घर की तलाशी ली तो कोठरी में एक हिस्से में मिट्टी की ताजा पटान दिखाई दी। पुलिस ने जब उस जगह को खुदवाया तो वहां से बालक का शव बरामद हुआ है। बाद में पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने आरोपी महिला, उसके पिता व ससुर के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला देवा कोतवाली क्षेत्र की ग्रामसभा टीपहार के मजरे तिगुरजी का है। यहां के निवासी बछराज यादव का चार वर्षीय पुत्र हिमांशु मंगलवार शाम चार बजे घर से खेलने के लिए निकला था। उसी के बाद से वह लापता हो गया। काफी देर तक जब हिमांशु अपने घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने उसकी गांव में खोजबीन शुरू की।
विज्ञापन

देर रात तक परिजन उसे गांव व आसपास के इलाके में खोजते रहे। पता न चलने पर रात 11 बजकर 40 मिनट पर परिवार के लोग देवा कोतवाली पहुंचे और अपने पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद इंस्पेक्टर धीरज कुमार ने पुलिस टीम के साथ गांव जाकर छानबीन शुरू की। तो पता चला कि आखिरी बार हिमांशु गांव के ही प्रदीप के घर के आसपास देखा गया है।
शक होने पर इंस्पेक्टर ने प्रदीप की पत्नी से पूछताछ की तो उसने हिमांशु के अपने यहां आने की बात को सिरे से नकार दिया। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया। उसने प्रदीप के घर की तलाशी लेना शुरू किया। तो घर की एक कोठरी में उसे कुछ जगह पर ताजी मिट्टी की पटाई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने वह जगह खुदवाई तो सभी हैरत में पड़ गए। वहां से गायब हिमांशु का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद बच्चे के घर में कोहराम मचा हुआ है।
बालक के मुंह में ठूंसा था कपड़ा
बालक के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला है। देखने से प्रतीत हो रहा था कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने प्रदीप की पत्नी केतकी उर्फ मीरा से कड़ाई से पूछताछ की। तो उसने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। इस घटना में केतकी की मदद करने के आरोप में उसके ससुर सर्वजीत व पिता रामाधार को भी पुलिस ने हत्या में सहयोग करने व साक्ष्य मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
बालक की गला दबाकर हत्या करना प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि केतकी की लड़की को कुछ दिन पूर्व बछराज के घर वालों ने अपने घर से डांटकर भगा दिया था। इसी से नाराज केतकी ने बच्चे की हत्या कर अपनी पुत्री के अपमान का लिया है।
विज्ञापन

-अवधेश सिंह, एएसपी उत्तरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें