बाराबंकी। सड़क समेत सरकारी भवनों के निर्माण में प्रयोग होने वाले सामग्रियों की गुणवत्ता की परख अब जिले पर ही आसानी से हो सकेगी। इसके लिए जल निगम परिसर में करीब दस लाख रुपये की लागत से एक लैब तैयार किया जा रहा है। इसके बनने से जल निगम समेत कई कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जाने वाले निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच होगी। इसका सबसे बड़ा फायदा जिले में जल जीवन मिशन के तहत बनने वाले 151 पानी की टंकियों के निर्माण में हो सकेगा।
सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर शहर से लेकर गांव तक सरकारी भवनों के साथ सड़क आदि का निर्माण कार्य करोड़ों रुपये की लागत से कराया जाता है। मगर इनमें निर्माण सामग्री पर अक्सर सवालिया निशान उठते हैं। लेकिन अब इसमें जिले को काफी हद तक राहत मिलेगी। इसके लिए जिले के जल निगम परिसर में करीब दस लाख रुपये की लागत से एक लैब तैयार की जा रही है।
जहां पर निर्माण सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच आसानी से हो सकेगी और दूसरे दिन इसकी रिपोर्ट भी मिल सकेगी। जल्द ही इस लैब में कई उपकरण लगाए जाएंगे। इससे सबसे बड़ा फायदा जल निगम को ही होगा। क्योंकि जल जीवन मिशन के तहत जिले के 157 ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी का निर्माण कराया जाना है। ऐसे में इस लैब में निर्माण सामग्री की गुुणवत्ता अहम मायने रखती है।
निर्माण सामग्री की जांच के लिए एक प्रयोगशाला तैयार की जा रही है। इससे निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की परख होगी। जिससे निर्माण कार्य भी अच्छे होंगे।
-अखिलानंद उपाध्याय, अधिशाषी अभियंता, जल निगम