बाराबंकी। पुलिस गश्त के दौरान चोरी की योजना बना रहे चार शातिरों को बड्डूपुर ने धर दबोचा। इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद हुई। वहीं पुलिस नेे चोरी की दो घटनाओं का खुलासा कर पकड़े गए शातिरों को जेल भेज दिया। जेल भेजे गए शातिरों में दो थाना क्षेत्र के तो दो लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
एसपी के निर्देश पर वांछित व सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 3 अक्टूबर की रात बड्डूपुर थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर निकले थे।
थाना क्षेत्र के बाबाकुटी शारदा नहर केरीवां सीवां पुल की तरफ जाने वाले खड़ंजा मार्ग के किनारे चोरी की योजना बनाते हुए शातिर थाना क्षेत्र के गौराभारी निवासी आजाद गिरि व दीपक तथा लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के लवलाई स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी मो. अफजाल व राजेंद्र को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और 6690 रुपये नकद, दो तमंचा, चाकू, चोरी करने के उपकरण, दो मोबाइल फोन, मोटर साइकिल तथा 43 ग्राम स्मैक, बरामद किया।
थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शातिरों ने पूछताछ में थाना क्षेत्र के बिबियापुर कला निवासी लवकुश कुमार के घर से 25 सितंबर की रात में मोबाइल व 10 हजार पांच सौ रुपये चोरी करने तथा फतेहपुर कस्बे के मीठी माता मंदिर काजीपुर निवासी शारदा बक्श सिंह के घर 18 मई की रात सोने चांदी के आभूषण व 25 हजार रुपये चोरी कर लिये थे। इसका केस संबंधित थाना क्षेत्र में दर्ज था। ऐसे में गिरफ्तार किए गए शातिरों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।