बाराबंकी। सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल में मरीजों की खासी भीड़ दिखाई दी। इस दौरान दो मरीजों को संदिग्ध बुखार पाए जाने पर जांच कराई गई तो उनमें डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। जानकारी होते ही परिवारीजनों ने आननफानन दोनों को लखनऊ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है।
बदलते मौसम के चलते जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इन दिनों सबसे ज्यादा मरीज सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार के आ रहे हैं। इसके अलावा सांस रोग के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। मंगलवार को ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या करीब 1400 रही।
इनमें से सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार के पाए गए। लेकिन डीहा और बिनवा गांव निवासी दो मरीज संदिग्ध पाए गए। परिवारीजनों ने अनुसार, जब दोनों की जांच निजी पैथालॉजी में कराई गई तो दोनों में डेंगू के लक्षण पाए गए।
जांच रिपोर्ट चिकित्सकों को दिखाई तो उन्होंने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया। जांच रिपोर्ट के बाद परिवारीजनों ने दोनों को लखनऊ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। सीएमएस डॉ. बीके सिंह ने बताया कि डेंगू के मरीजों के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।