कुर्सी (बाराबंकी)। कुर्सी कस्बे में इन दिनों कई दर्जन लोग वायरल बुखार की चपेट में हैं। मामले की जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को होने के बाद भी कस्बे में टीम नहीं पहुंच सकी है। जिसके चलते पीड़ित मरीज निजी चिकित्सकों व झोलाछाप से इलाज कराने को विवश हैं।
विकासखंड क्षेत्र के कस्बा कुर्सी के तमोली टोला, बाड़ा, मोल्ला टोला, भीतरी बाजार आदि मोहल्ले में बीते एक सप्ताह से वायरल फीवर का प्रकोप चल रहा है। इसकी चपेट में अबरार अहमद, मोनिश, सूरज रावत, शकील, अतीक, कजरा, साजिया खातून, आतिफा, उजमा सहित करीब चार दर्जन से अधिक लोग पीड़ित चल रहे। जिनका लखनऊ स्थित निजी अस्पतालों व कस्बे के ही झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज चल रहा है।
कस्बा निवासी संजय समीर ने बताया कि कस्बे में बीते एक सप्ताह से वायरल फीवर चल रहा है। जिसमें लोगों को जाड़ा लग के तेज बुखार आ रहा है। जिसमें धीरे-धीरे लोगों के प्लेटलेट्स गिर रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों को मामले की सूचना होने के बाद भी अभी तक गांव में कोई भी चिकित्सीय टीम जांच के लिए पहुंच सकी है। इस संबंध में घुंघटेर सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि मामला जानकारी में आया है, कस्बे में स्वास्थ्य टीम भेजी जा रहीं है। (संवाद)