बाराबंकी। देवा और सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में डेंगू के दो मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सीएमओ के आदेश पर जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों में भेजी गई है। वहीं वायरल बुखार का प्रकोप भी जारी है। इसकी चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बच्चों के वायरल बुखार की चपेट में आने से इनके अभिभावकों की रातों की नींद हराम हो गई है। सरकारी अस्पतालों में समुचित उपचार की सुविधा न मिलने से परिवारीजन अपने बच्चों को लखनऊ के निजी अस्पतालों में दिखा रहे हैं।
सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के रामसहाय गांव की रहने वाली एक महिला आशा बहू के पद पर कार्यरत है। पति कन्हैया ने बताया कि कई दिनों से तेज बुखार आ रहा था लेकिन सुधार न होने पर बृहस्पतिवार को संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर ले जाया गया। वहां जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर परिवारीजन उपचार के लिए लखनऊ लेकर चले गए।
वहीं सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि डेंगू की पुष्टि पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजा गया है। इसके अलावा एसीएमओ आरएन वर्मा ने बृहस्पतिवार को जांच में पाया कि देवा के एक अस्पताल में डेंगू का मरीज भर्ती किया गया लेकिन बाद में उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को वायरल बुखार के मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। ओपीडी में चिकित्सकों के कक्ष से लेकर औषधि वितरण कक्ष तक मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई। वहीं बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इस बाबत सीएमएस डॉ. बीके सिंह का कहना है कि वायरल बुुुखार के मरीज बढ़े हैं लेकिन हमारे पास जांच से लेकर उपचार की सभी सुविधाएं हैं। अस्पताल में आने वाले बच्चों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
डेंगू के अब तक 10 मरीज मिल चुके
बाराबंकी। वायरल बुखार और डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिले में अब डेंगू के दस मरीज मिल चुके हैं और इन सभी को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1400 मरीज आ रहे हैं।
इनमें वायरल और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या 600 के करीब बताई जा रही है। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा का कहना है कि डेंगू और वायरल की जांच और उपचार की सुविधा सरकारी अस्पतालों में है। जिला अस्पताल से लेकर हर सीएचसी पर डेंगू मरीजों के लिए बेड़ आरक्षित कर दिए गए हैं।
सिरौलीगौसपुर और देवा क्षेत्र में डेंगू के दो मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच के लिए गांवों को भेजा गया है। जिला अस्पताल से लेकर सभी सीएचसी पर डेंगू और वायरल बुुुखार की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
-डॉ. रामजी वर्मा, सीएमओ