रामसनेहीघाट पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने अंतरजनपदीय चोरों के गिरोह को पकड़ने का दावा किया है। पलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से दस कारतूस, दो तमंचा, 17 हजार की नकदी, चोरी गया मेंथा ऑयल व जेवरात बरामद किए हैं।
पकड़े गए तीनोें आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए हैं। पुलिस टीम की इस कामयाबी पर एसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
एएसपी उत्तरी कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में बताया कि रामसनेहीघाट, सफदरगंज, कोठी, असंद्रा थानाक्षेत्र में कई जगह चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय चोर गिरोह को पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने रामससनेहीघाट कोतवाली इलाके से बृहस्पतिवार की रात हैदरगढ़ मार्ग से पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपियों में फूलचंद रावत निवासी घूरेकापुरवा मजरे गोरपुर कोतवाली रामसनेहीघाट, ननकऊ पासी निवासी परवानी का पुरवा मजरे बठिया थाना असंद्रा व आकाश सोनी निवासी 259 रसूलपुर कोतवाली नगर के पास से पुलिस ने सोने व चांदी के जेवरात, दस कारतूस, दो तमंचा, 17 हजार की नकदी, चोरी गया 35 किलो मेंथा ऑयल बरामद किया है।
इस गिरोह का सरगना फूलकुवंर निवासी ग्राम बांसुरा थाना रामपुर मथुरा जनपद सीतापुर को जिले की फतेहपुर पुलिस ने 3 जुलाई को पकड़कर जेल भेजा था। गिरोह के सदस्योें ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि वे सीतापुर, बाराबंकी, फैजाबाद, लखनऊ समेत कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।