कुबेरस्थान। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के होरलापुर गांव के कसिया टोला में शुक्रवार की शाम नीम का पेड़ ढह जाने से उसके नीचे एक बालक सहित पांच लोग दब गए। चार वर्ष के बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलाें को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
कसिया निवासी शिवपूजन प्रजापति के पुत्र सत्यप्रकाश की शादी के लिए शुक्रवार को हल्दी की रस्म अदायगी हो रही थी। शाम चार बजे दरवाजे के सामने स्थित नीम के पेड़ के नीचे भोजन बनाया जा रहा था। उसी दौरान नीम के पेड़ अचानक उखड़कर जमीन पर गिर पड़ा। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मड़ार बिंदवलिया गांव के बरई टोला निवासी रामप्रीत की 56 वर्षीय पत्नी बेला, उनका चार वर्षीय पुत्र विष्णु कुमार, पडरौना कोतवाली क्षेत्र के हरका गांव के निवासी श्रीनाथ के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन, उसकी 55 वर्षीय माता गुलाइची देवी तथा गांव के सुरेंद सिंह के 23 वर्षीय पुत्र अमित पेड़ के नीचे दब गए। उनमें विष्णु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनमें बेला देवी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सखवनिया के कानूनगो सुभाष यादव और हलका लेखपाल राधाचरन ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया। विष्णु के पिता शंभू के मुताबिक उनकी तीन शादियां हुईं, जिनमें दो पत्नियों से कोई औलाद नहीं है। तीसरी पत्नी से विष्णु ही घर का इकलौता चिराग था।