गैंगरेप जैसे गंभीर मामलों में भी कार्रवाई में कोठी पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है। दो दिन से लापता एक किशोरी के पिता ने सोमवार की सुबह थाने पहुंचकर चार युवकों के खिलाफ रेप का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने महज पांच घंटे में ही इस मामले को झूठा करार दे दिया।
पीड़ित से ही यह कहला दिया कि उसकी पुत्री के साथ कोई घटना ही नहीं हुई है। पुलिस ने न तो किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराना उचित समझा और न ही किसी आरोपी से पूछताछ ही की है। एसपी ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने सोमवार की सुबह कोठी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री 4 मार्च को खेत में बकरी चराने गई थी, जिसके बाद वह वहां से कहीं लापता हो गई।
आरोप लगाया था कि गांव के ही चार युवकों ने किशोरी के साथ गैंगरेप किया जिसके चलते वह मानसिक परेशान होकर कहीं चली गई। रविवार को किशोरी अपने घर पहुंची तो उसने गैंगरेप होने की बात कही।
जिसके बाद सोमवार की सुबह पीड़िता के पिता ने तीन अज्ञात व एक नामजद युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी। थाने पर करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई के बाद पिता ने कहा कि उसकी बेटी के साथ कोई घटना ही नहीं हुई है और मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने की बात कही।
जिसके बाद पुलिस ने न तो किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराना उचित समझा और न ही किसी आरोपी से पूछताछ। एसपी वैभव कृष्ण का कहना है कि किशोरी मानसिक विक्षिप्त है व उसके खिलाफ रेप की घटना नहीं हुई है। कहा फिर भी मामले की जांच करवाई जाएगी।
थाने में बनवा लिया पीड़िता का वीडियो
मामले में उठने वाले सवालों से बचने के लिए कोठी पुलिस ने पीड़िता व उसके पिता के बयान का वीडियो थाने के अंदर बनवा लिया। वीडियो में कहा गया है कि किशोरी के साथ किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है और वह लोग कोई कार्रवाई नहीं चाहते है।