बदोसरायं स्थित इसी कुंए में मिली घायल लड़की।
- फोटो : अमर उजाला
एक किशोरी खून से लथपथ हालत मेें कुएं में पड़ी मिली है। किशोरी के एक हाथ की नस कटी मिली है। सोमवार की सुबह जानकारी पर परिवारीजनों ने किशोरी को कुएं से बाहर निकलवाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की गई है। पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार करते हुए इस बारे में पता करने की बात कही है।
कोतवाली बदोसरायं की निवासी एक चौदह वर्षीय किशोरी रविवार की देर रात अपने घर से संदिग्ध अवस्था में लापता हो गई थी। उसके परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की परंतु किशोरी का कोई सुराग नहीं लगा।
इस बीच सोमवार की सुबह कस्बे का एक युवक पड़ोस की मस्जिद में नमाज अदा करके बाहर निकला तो समीप खंडहरनुमा सूखे कुएं से किसी के चीखने की उसे आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोगों को बुलाकर उसने जब कुएं में झांका तो उसमें एक 14 वर्षीय किशोरी खून से लथपथ पड़ी दिखाई दी।
इसके बाद उसे जब बाहर निकाला तो उसके बाएं हाथ की कलाई की नस कटी हुई थी जिससे खून टपक रहा था। किशोरी को एक निजी अस्पताल में परिवारीजनों ने भर्ती कराया है। किशोरी के परिवारीजनों ने पुलिस से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की है और न ही इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार हो रहे हैं।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण पांडे ने बताया कि इस प्रकरण के बारे में मुझे कोई सूचना अभी तक नहीं मिली है। कहा इस बारे में पता करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।