कैराना (शामली)। मोहल्ला अफगानान निवासी फरहत जहां ने कोतवाली कैराना पर तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व नगर में ही ईदगाह मोहल्ला निवासी हाल निवासी लुधियाना के युवक के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। आरोप है कि शादी में दिए गए दहेज से ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे। ससुरालियों ने शादी के कुछ ही दिन बाद ही अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की नकदी और एक बाइक लाने की मांग शुरू कर दी। इसके लिए उसे प्रताड़ित किया जाता रहा है। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वह अपने मायके में आ गई थी। 15 दिन पूर्व हुई बिरादरी की पंचायत ने समझौता कराते हुए उसको ससुरालियों के साथ भेज दिया गया। आरोप है कि रविवार को पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसे लाठी-डंडों और बेल्टों से पीटा। बेल्ट का फंदा बनाकर गले में डालकर हत्या करने की कोशिश की। उसकी चीख पुकार पर एकत्र हुए पड़ोसियों को देख कर आरोपियों ने उसे छोड़ा और मारपीट करघर से बाहर निकाल दिया। उसने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी। इस पर परिजन लुधियाना पहुंचे और उसे अपने साथ ले आए। पीड़िता ने पति समेत अन्य ससुरालियों के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।