घर से निकले दो छात्र लापता
क्रासर
- बड्डूपुर व सतरिख थाना क्षेत्र का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बड्डूपुर/ सतरिख(बाराबंकी)। जिले में अलग-अलग जगहों पर दो छात्र लापता हो गए है। दोनों में से एक स्कूल जाने के लिए निकला था जबकि दूसरा बाजार जा रहा था। परिवारीजनों की शिकायत पर पुलिस ने तलाश शुरू की है।
पहला मामला बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजयपुर मजरे भगौली का है। यहां के निवासी बुद्धा का 15 वर्षीय पुत्र आलोक रावत चार अक्तूबर को सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना स्थित सेठ रामगुलाम इंटर कॉलेज ट्रेन से गया था। पिता ने बताया कि उसका पुत्र देर शाम तक नहीं आया तो उन्होंने विद्यालय में जानकारी ली लेकिन वहां भी जानकारी नहीं मिली। काफी खोजबीन करने के बाद पीड़ित पिता ने बड्डूपुर पुलिस को पुत्र के लापता होने की सूचना दी। इस संबंध में एसओ बीपी यादव ने बताया कि किशोर सीतापुर जिले से गायब हुआ है और तहरीर मिली है।
वहीं सतरिख थाना क्षेत्र के सहेलियां गांव निवासी आकाश (14) पुत्र जैसी राम यादव एक स्कूल का छात्र है। यह किसी कार्य से बीते चार अक्तूबर को सतरिख कस्बा आया था। जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू किया। काफी खोजबीन करने के बाद जब इसका कोई पता ना चला तो लापता बालक के चाचा हरी नाम यादव ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस से की। थानाध्यक्ष सुमित कुमार श्रीवास्तव का कहना है की तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।