बाराबंकी। मुंडन संस्कार के दौरान डीजे की धुन पर कुछ युवक हाथ में तमंचा लहराते हुए डांस कर रहे थे। इसकी सूचना पर पुलिस पहुंची तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीन युवकों को धर दबोचा। वहीं मौके से दो तमंचे बरामद हुए। तीन आरोपी को लेकर पुलिस थाने आई। मगर, दो सगे भाइयों पर केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। जबकि तीसरे युवक को थाने से छोड़ने का आरोप ग्रामीण लगा रहे हैं।
मामला असंद्रा थाना क्षेत्र के गोडियन पुरवा मजरे गैरिया गांव का है। बुधवार को यहां के निवासी धन कुमार कश्यप उर्फ पकौड़ा के यहां बेटे के मुंडन संस्कार की पार्टी चल रही थी। ग्रामीणों की माने तो इस दौरान डीजे की धुन पर गांव के ही मुकेश गौतम, राहुल अवस्थी तमंचे लहराते हुए अन्य युवकों के साथ डांस कर रहे थे। किसी ने इसकी सूचना असंद्रा पुलिस को दे दी।
इस पर प्रभारी निरीक्षक पीके तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। डांस कर रहे युवक तमंचा छोड़कर भागने लगे। इस पर पुलिस ने मुकेश गौतम, राहुल अवस्थी व उसके भाई सूरज अवस्थी को धर दबोचा। वहीं मौके से दो तमंचे बरामद हुए। इसके बाद पुलिस तीनों को लेकर असंद्रा थाने पहुंची।
जहां पर रात में ही मुकेश को छोड़ दिया। उसके बाद राहुल व सूरज पर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया। इसके बाद ग्रामीणों में मुख्य आरोपी को छोड़ने का आरोप लगाया है। हालांकि इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक असंद्रा पीके तिवारी ने बताया कि दो तमंचे व तीन युवक को पकड़कर लाया गया था। जिस पर मुकेश आरोपी नहीं था। इसलिए उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।