माती (बाराबंकी)। छात्रों के दो गुटों में चली आ रही रंजिश बृहस्पतिवार को खूनी संघर्ष में बदल गई। मारपीट में घायल तीन लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गुट की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में यूनिवर्सिटी के सात छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाया। हालांकि अभी मामले की जांच की जा रही है।
मामला नगर कोतवाली के चिनहट-देेेवा मार्ग पर स्थित रामस्वरूप यूनिवर्सिटी का है। यहां पर छात्रावास में रहने वाले छात्रों के दो गुटों में रंजिश चल रही थी। बृहस्पतिवार को यूनिवर्सिटी छूटने के बाद दोनों गुट आपस में भिड़ गए। देखते-देखते उनमें हुई मारपीट खूनी संघर्ष में बदल गई।
एक गुट के बीबीए के छात्र विपुल सिंह व एएससी के छात्र मनजीत कुमार और दूसरे गुट का एलएलबी छात्र आलोक कुमार गंभीर रूप ये घायल हो गए। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सुब्बाराव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख उपद्रवी छात्र भाग निकले। मौके पर खून से लथपथ विपुल, मनजीत व आलोक को आननफानन चौकी प्रभारी ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
उसके बाद पुलिस उपद्रवी छात्रों की पहचान में जुटी है। इस मामले में घायल आलोक ने पुलिस को दी तहरीर में यूनिवर्सिटी के सात छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि छात्रों के दो गुटों में रंजिश चल रही थी।
इसी बात को लेकर यूनिवर्सिटी में छुट्टी होने के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्ष के घायल तीन लोगों को गंभीर दशा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।