फतेहपुर (बाराबंकी)। दुकान खोलने के लिए घर से निकले युवक का शव दो दिन बाद शारदा नहर भैसुरिया झाल में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता ने पुत्र की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा फतेहपुर के मोहल्ला काजीपुर निवासी अनिल यादव (32) पुत्र मुनेश्वर यादव पांच अगस्त की सुबह सिहाली मार्ग पर स्थित अपनी फर्नीचर की दुकान गया था। देर शाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन उसका कुछ पता नहीं लग सका। इस पर परिजनों ने अनिल की गुमशुदगी दर्ज कराई।
शनिवार को ग्रामीणों ने शारदा नहर भैसुरिया झाल में एक युवक की लाश देखी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त अनिल यादव के रूप में हुई। मृतक के पिता का आरोप है कि उसके पुत्र की हत्या कर नहर में फेंका गया है। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। (संवाद)