बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र के फतहाबाद गांव निवासी अजय कुमार (32) का शव शनिवार की सुबह उसके घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। स्थानीय लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। इस पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।
मृतक के बहनोई मनीराम ने बताया कि अजय कुमार के माता, पिता का निधन हो चुका है और उसने अपनी पत्नी भी छोड़ दी थी। वह घर में अकेले रहता था। आरोप है कि बीते दिनों अजय ने गांव के ही एक व्यक्ति से सवा दो लाख में अपनी जमीन बेची थी, लेकिन उसे एक लाख 30 हजार रुपया ही दिया गया। बकाया पैसा मांगने पर ही उसकी हत्या करने के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है।
मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट व मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर, सतरिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत नयोली चौराहे के पास 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि मृतक नशे का आदी लग रहा है, पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। (संवाद)