बाराबंकी। हरख क्षेत्र के एक गांव में झोलाछाप द्वारा कुछ लोगों को पैसा लेकर कोरोना का टीका लगाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आननफानन में मामले की जानकारी सीएमओ, एसडीएम सदर और सीओ को दी गई। सूचना पर सीएचसी अधीक्षक व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के साथ पहुंची पुलिस ने आरोपी और उसके दोस्त को खाली वायल के साथ दबोच लिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सतरिख अंतर्गत गोछौरा मजरे पनिहल गांव में कोठी क्षेत्र के महरुपुर निवासी बृजेंद्र द्वारा डॉ. पद्मेश मिश्रा के नाम से क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को इनके द्वारा कोरोना का टीका लोगों को पैसा लेकर लगाए जाने की जानकारी गांव के कुछ लोगों द्वारा सतरिख सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील जायसवाल को दी गई।
सीएचसी अधीक्षक ने इसकी सूचना एसीएमओ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह को दी। एसीएमओ ने मामले की जानकारी सीएमओ, एसडीएम सदर और सीओ को देने के साथ ही भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छापा मारा तो हड़कंप मच गया। अस्पताल का संचालन करने वाले ने पहले तो भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो बताया कि उसके मित्र संदीप राणा ने एक वायल कोविशील्ड को उसके हाथ पांच सौ रुपये में बेचा था। जिसे उसने आठ लोगों को लगाया। पुलिस ने मौके से बृजेंद्र के साथ ही संदीप को भी गिरफ्तार किया और खाली वायल भी मौके से बरामद किया। मौके पर पहुंचे सीएमओ, एसडीएम सदर और सीओ भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीएचसी अधीक्षक ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
सतरिख क्षेत्र के एक गांव में झोलाछाप द्वारा कोरोना का टीका लगाए जाने की जानकारी मिलते ही सीओ के साथ मौके पर पहुंचा तो पाया कि पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-पंकज सिंह, एसडीएम सदर
झोलाछाप द्वारा लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाना बहुत ही गंभीर विषय है। सूचना मिलते ही मैं स्वयं मौके पर गया था। आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोरोना का टीका झोलाछाप के दोस्त के पास कहां से आया, इसकी जांच के निर्देश एसीएमओ को दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
-डॉ. रामजी वर्मा, सीएमओ