फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डकैतों के गैंग का सरगना समेत 17 गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। नगर कोतवाली में हाईवे के किनारे स्थित एल एंड टी के गोदाम में 10 दिन पहले असलहों से लैस बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर 10 लाख रुपये से अधिक का तार लूट ले गए थे। मंगलवार को क्राइम ब्रांच व नगर कोतवाली की संयुक्त टीम ने मुरादाबाद के अंतर्राज्यीय डकैतों के गैंग के सरगना समेत 17 लोगों को गिरफ्तार कर लूट का माल व घटना में प्रयोग किए गए दो ट्रक बरामद किये हैं। इस बात का खुलासा मंगलवार को एसपी अनुराग वत्स ने किया। उन्होंने पुलिस टीम को एक लाख का पुरस्कार दिया है।
विज्ञापन

एसपी ने बताया कि 5 फरवरी की रात नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे सतरिख मार्ग पर स्थित एल एंड टी कंपनी के गोदाम के चौकीदार प्रेमचंद्र वर्मा ने थाना कोतवाली नगर पर सूचना दी कि कुछ लोग असलहा लेकर गोदाम के अंदर घुस आये और मुझे रस्सी से बांधकर ट्रक से एबी केबल के 14 ड्रम और पुराना जर्जर तार करीब सात टन लूट ले गए थे। जिस पर लूट का केस दर्ज किया गया। उसके बाद घटना के खुलासे को लेकर एएसपी उत्तरी पूर्णेँदु सिंह के निर्देशन व सीओ सिटी आतिश कुमार के नेतृत्व में स्वाट, सर्विलांस एवं कोतवाली नगर की तीन टीमों का गठन किया गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने मंगलवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मुरादाबाद के अंतर्राज्यीय डकैतों के सरगना नासिर समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से साढ़े चार क्विंटल एल्युमीनियम कंडक्टर, साढ़े 27 क्विंटल बिजली केबल, 80 हजार रुपये की नकदी, तीन तमंचा व घटना में प्रयोग किए गए दो ट्रक बरामद किये। पुलिस ने गिरोह के सरगना नासिर, प्रमोद जायसवाल के साथ सुरेंद्र सागर, सुनील, शरीफ, अनीश, मकदूम, आकाश सागर, रिजवान, जाने आलम, नईम अली, उबेश, जावेद, दिलशाद, इकलाश, आशिफ व इकबाल को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन

पावर कॉर्पोरेशन का ठेकेदार है सरगना
एसपी ने बताया कि पकड़े गए डकैतों के गैंग का सरगना नासिर मुरादाबाद जिले के मूढ़ा पाण्डेय थाना क्षेत्र के मिसक बुशपुर गांव का निवासी है। वह अपने साथियों के साथ जिले के रामनगर व पल्हरी बिजली उपकेंद्र में मेंटीनेंस के ठेके का काम करता था। वहीं कबाड़ी का काम करने वाला व कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र निवासी प्रमोद जायसवाल चोरी के तार बेचने का काम करता था। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा आदि राज्यों में बिजली तार के गोदामों की रेकी कर डकैती की घटना करते थे।
वांछितों की गिरफ्तारी के बाद और बरामद होगा माल
डकैती की इस घटना में दो वांछित अपराधियों की पुलिस को तलाश है। जिनकी गिरफ्तारी के बाद लूट का और माल बरामद होने की पुलिस संभावना जताई जा रही है। इसमें वांछित प्रेम गुप्ता लूट के बिजली तारों को खरीदने का काम करता है। वह 28 से 30 हजार रुपये प्रति केबल ड्रम खरीदता था। उसने कुछ तार कानपुर में प्रमोद जायसवाल को भी बेचा था। जिसकी बरामदगी पुलिस ने की है। वहीं एक अन्य वांछित आमिर उर्फ मन्नू की पुलिस को तलाश है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें