बाराबंकी। कोरोना संक्रमण की चपेट में प्रशासनिक अधिकारी समेत 149 और लोग आ गए हैं। इनमें सीएमओ ऑफिस के कर्मचारी के अलावा सीएचसी पर कार्य करने वाले कई कर्मचारी जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट करा दिया गया है और इन पर नजर रखने के लिए चिकित्सकों की टीम लगाई गई है। जिले में कोरोना संक्रमण बहुत तेज गति से फैल रहा है। यही कारण है कि एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 863 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शाम को आई जांच रिपोर्ट में जिला महिला अस्पताल में तैनात प्रशासनिक अधिकारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। इसके अलावा सीएमओ कार्यालय का एक कर्मचारी और सीएचसी टिकैतनगर और दरियाबाद के कई कर्मचारी जांच में संक्रमित पाए गए हैं।
शहर के कई मोहल्लों में 89 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार, सत्यप्रेमी नगर, लखपेड़ाबाग, आवास विकास कॉलोनी, मखदूमपुर, सरावगी, लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, विकास भवन, सिविल लाइन, चौधरी पुरवा, पीरबटावन, ओमनगर, राम जानकी नगर, सिविल लाइन, श्रीराम कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, एमआईएमएस कैंपस, पटेल नगर, शांतिपुरम, शालीमार पैराडाइज, आजाद नगर, नया बड़ेल, नया पंचमकुटी, वेदपुरम, विनायक विहार आदि के रहने वाले कई लोग जांच में संक्रमित पाए गए हैं।
इसी तरह फतेहपुर क्षेत्र में 17, सूरतगंज में 7, हरख में 7, जाटा बरौली में 7, देवा में 8, सिद्धौर, रामनगर में एक, घुंघटेर में दो, बड़ागांव में दो, हैदरगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि शाम को आई रिपोर्ट के अनुसार जिले में 149 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। संक्रमण की बढ़ रही रफ्तार को देखते हुए लोगों से अपील की जाती है कि वह अपने घरों रहें और सुरक्षित रहें।
23 हजार को लगा टीका
जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को 23 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें साढ़े तीन हजार स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंट लाइन वर्करों को बूस्टर डोज लगाई गई। इस दौरान करीब 109 बुजुर्गों को बूस्टर डोज दी गई।
67 छात्र-छात्राओं का हुआ वैक्सीनेशन
कोटवासड़क। सीएचसी बनीकोडर के अधीक्षक डॉ. संदीप तिवारी के नेतृत्व में श्रीराम अभिलाष स्मारक इंटर कॉलेज इंटर कॉलेज में टीकाकरण शिविर लगाया गया। प्रबंधक फूलचंद उपाध्याय द्वारा लगवाए गए टीकाकरण कैंप में 15 से 18 वर्ष के 67 छात्र-छात्राओं का वैक्सीनेशन किया गया। टीम में एएनएम बृजबाला, इसराइल, अनुराग आदि मौजूद रहे। (संवाद)