बाराबंकी। कोरोना के 11 नए संक्रमित और मिले हैं। जिन्हें होम आइसोलेट करा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग इसे लेकर फिर सतर्क हो गया है। क्योंकि एक सप्ताह तक गिनेचुने संक्रमितों के मिलने के बाद सोमवार को एक साथ 22 संक्रमित मिलने से विभाग में हड़कंप मच गया था। 11 और नए मामले सामने आने से अब जिले में 158 केस एक्टिव हैं। टीकाकरण भी जारी है और मंगलवार को 10087 लोगों का टीकाकरण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को 1974 लोगों से सैंपल लिए गए थे। रिपोर्ट आई तो उसमें 11 लोग संक्रमित मिले। इनमें रामसनेहीघाट क्षेत्र में दो, जाटा बरौली में चार, देवा में एक, फतेहपुर में दो, बड़ागांव व सिद्घौर में एक-एक संक्रमित पाया गया। मंगलवार को शहर क्षेत्र से एक भी संक्रमित नहीं पाया गया। इस दौरान 15 से 18 साल वाले 3293 लोगों को टीका लगाया गया।
197 लोगों को बूस्टर डोज दी गई। 18 प्लस वाले 1291 लोगों को पहली व 5306 लोगों को दूसरी डोज दी गई। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि जिस तरह से संक्रमण के मामले एकदम से कम होने के बाद सोमवार को 22 संक्रमित मिले इससे विभाग सतर्क है। उन्होंने कहा कि गाइड लाइन का पालन करने में कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। (संवाद)