अतर्रा। सिद्धपीठ गौराबाबा धाम के महंत पुरुषोत्तमदास ने पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर सावन बाद मंदिर को बंदकर चाबी सीएम को साैंपने का एलान किया है। इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर भी दी है। साथ ही सोशल मीडिया में अर्जी वायरल कर दी है।
सिद्धपीठ गौराबाबा के महंत ने बताया कि पिछले माह मंदिर परिसर से उनके अपहरण का प्रयास किया गया था। आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा और फिर छोड़ दिया। इतना ही नहीं उल्टा उन पर धारा 151 के तहत कार्रवाई कर दी गई। महंत ने आक्रोश जताते हुए कहा कि संत अशांति नहीं चाहता। हमेशा शांति का रास्ता बताता है। महंत ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई निंदनीय और तानाशाही पूर्ण है। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। चेतावनी दी कि जल्द आरोपी गिरफ्तार न किए गए और उन पर की गई शांति भंग की कार्रवाई निरस्त नहीं की तो वह मंदिर पर ताला डालकर चाबी मुख्यमंत्री को सौंप देंगे। पुलिस के व्यवहार पर कार्रवाई की मांग करेंगे। इस बाबत क्षेत्राधिकारी आनंद पांडेय का कहना है कि मामला आपसी मारपीट का है। महंत के साथ यदि अन्याय हो रहा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर को बंद कर चाबी सीएम को सौंपने के एलान की उन्हें जानकारी नहीं है।