बांदा। लंबे अरसे से चल रहे नकली नोटों के कारोबार का एसटीएफ प्रयागराज और चिल्ला पुलिस भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को 74 हजार 300 रुपये नकली नोट संग गिरफ्तार कर लिया।
रविवार की रात करीब 8.40 बजे एसटीएफ प्रयागराज और चिल्ला पुलिस नरी मोड़ पर फतेहपुर की ओर से कार में आए दो को रोका तो आरोपी भागने लगे। तभी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने अपना नाम जगभान निवासी नरी (पैलानी) और राजाराम प्रजापति निवासी उटिया (कबरई, महोबा) बताया है। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से 74 हजार 300 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं।
इनमें 500 के 52 नोट और 100 के 483 नोट शामिल हैं। एक एंड्रायड फोन और कार भी बरामद की है। थाना इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी महोबा जिले के बजरंग चौक निवासी तुषार गुप्ता से नोट लेकर आते थे।
आरोपी राजाराम ने बताया कि नकली नोट बीवांर (हमीरपुर) निवासी नरेश और रामनगर निवासी आकाश को उपलब्ध कराते थे। बदले में दोनों उन्हें असली नोट देते थे। एक लाख रुपये नकली नोट के बदले 20 से 30 हजार रुपये देते थे। रविवार को एकाउंट में करीब 11 हजार रुपये रुपये डाले गए थे।
बताया कि पिछले महीने आकाश ने करीब ढाई लाख रुपये नकली नोट दिए थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसटीएफ प्रयागराज के एसआई धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल पुनीत पांडेय, संतोष कुमार, किशन, उदय प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।