बांदा। जिला अस्पताल में कार्यरत यूपीएनएसएसपी (लखनऊ) के आउट सोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों को यहां अस्पताल प्रशासन ने सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया है। उनकी सेवा 30 सितंबर के बाद खत्म हो जाएगी। इससे भड़के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने शुक्रवार को यहां कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर अपनी नौकरी बरकरार रखने की मांग की।
यूपीएनएसएसपी कंपनी व प्रदेश सरकार के बीच सितंबर 2016 में करार हुआ था। तब से वह कार्यरत हैं। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डा.टीआर सरसैया द्वारा इन कर्मियों को जारी की गई नोटिस में निदेशालय से मिले निर्देशों का हवाला देकर सेवा/समझौता अवधि समाप्त होने का हवाला देकर 30 सितंबर से सेवाएं खत्म करने की बात कही गई है।
जिला अस्पताल में नर्स, पैरामेडिकल, टैक्निीशियन, लैब टैक्नीशियन, फीजियोथेरेपिस्ट, रजिस्ट्रेशन क्लर्क, स्टोर कीपर, क्लर्क व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आउट सोर्सिंग पर है। इनकी संख्या लगभग 40 है। इन सभी ने अपने ज्ञापन में सेवा समाप्त होने से पैदा होने वाले बेरोजगारी व आर्थिक संकट का हवाला देकर सेवा बरकरार रखने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रियंका साहू, रानी देवी, रामू, जावंत्री, अशफाक, राहत खां, विनीत कुमार, भूषण, अर्चना देवी, अजय कुमार, सुमन, रमेश, तिलक सिंह, रमेश पांडेय, भूषण सोनी, आनंद कुमार आदि मौजूद रहे।