करतल क्षेत्र में एमपी सरहद पर नहर पटरी से गुजरते ट्रक। संवाद
- फोटो : BANDA
करतल। एमपी की सरहद पर स्थित कड़रहा-वीरा पुल के बीच बालू के ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से सिंचाई विभाग प्रखंड तृतीय (बांदा) की टूट रही नहर पर यहां के जिलेदार ने पन्ना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी है।
सिंचाई प्रखंड, बांदा के जिलेदार प्रथम (पनगरा) अराफत हुसैन ने पुलिस चौकी करतल (बांदा) व बीरा (पन्ना, एमपी) को दी तहरीर में बताया कि ओवरलोड ट्रक नहर पटरी और पुल से निकल रहे हैं। पटरी और पुल टूट रहे हैं। सिंचाई के लिए बनाए गए पुलिया व कुलाबे नष्ट हो रहे हैं।
इससे जहां विभाग को लाखों रुपये की क्षति हो रही है वहीं निकट भविष्य में किसानों के सामने सिंचाई के लिए पानी का संकट खड़ा हो जाएगा। पुल क्षतिग्रस्त होने पर कई गांवों का आवागमन अवरुद्ध होगा। बताया कि ट्रक आवागमन की परमीशन नहीं ली गई है।
तहरीर में कहा है कि बिना अनुमति के नहर भूमि से वाहन निकालने पर एर्रीगेशन मैन्यूअल और केनाल एक्ट के तहत अपराध है। दोषी के विरुद्ध कार्रवाई और बैरीकेट लगाकर वाहनों को रोकने की मांग की है। बीरा चौकी प्रभारी रामऔतार ने बताया कि इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। जल्द ही ट्रकों के आवागमन पर रोक लगाई जाएगी।