बांदा। एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत जिला उद्यान परिसर में दो दिवसीय कृषक मेला/गोष्ठी में विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहाकि किसानों का आय बढ़ाने के तरीके बताए जाने चाहिए। शासन की मंशा के अनुसार किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लिए विशेषज्ञ नवीनतम तकनीक की जानकारियां दें।
विधायक ने कृषक मेले का दीप जलाकर शुभारंभ किया। सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने औद्योगिक खेती को बढ़ाने पर जोर दिया। कृषि विज्ञान केंद्र अध्यक्ष डॉ. श्याम सिंह ने सब्जी व बागवानी फसलों में ड्रिप/स्प्ऱिकलर सिंचाई करने व कम पानी में बेहतर उत्पादन के उपाय बताए। डॉ. हर्षद व शिवम द्विवेदी ने कहा कि औद्योगिक फसलों का सही रख रखाव, ग्रेडिंग, पैकिंग व प्रसंस्करण के लिए उद्योग लगा कर अधिक आमदनी प्राप्त की जा सकती है। शासन द्वारा 35 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है।
डॉ. मंजुल पांडेय ने जनपद में शाकभाजी एवं बागवानी पर कीट व्याधि के बचाव के लिए कृषि रसायन उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कृषि विश्वविद्यालय प्राध्यापक डॉ. सुनील कुमार ने मसालों के उत्पादन के बारे में बताया। प्रगतिशील किसान विज्ञान शुक्ला ने जैविक खेती व वर्मी कपोस्ट तैयार करने की टिप्स दिए। उप निदेशक उद्यान ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। संचालन लेखराज निरंजन ने किया। मेले में तमाम किसान मौजूद रहे।