बांदा। भाजपा के गढ़ बुंदेलखंड में शिवसेना ने सेंधमारी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सात जिलों के सभी विधान सभा क्षेत्रों से शिवसेना अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी।
सोमवार को शिवसेना के प्रदेश उप प्रमुख और बुंदेलखंड प्रभारी ने बुंदेलखंड के दोनों मंडलों (झांसी-चित्रकूट मंडल) के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधान सभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया। दमदार व योग्य प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने पर जोर दिया गया।
बैठक में विधान सभा चुनाव से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई और इन्हें स्वीकृति दी गई। प्रदेश महासचिव और बुंदेलखंड प्रभारी राजेश साहू ने कहा कि पिछले लोक सभा चुनाव में प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी कि सरकार बनी तो बुंदेलखंड राज्य बनाएंगे। यह वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड राज्य बनने पर ही यहां की समस्याओं से निजात मिलेगी। उन्होंने ईंधन के बढ़ते दामों, महंगाई, अवैध खनन, भ्रष्टाचार, मुस्लिम तुष्टीकरण की बात कर चंद मुस्लिम नेताओं का उत्पीड़न, फर्जी मुुठभेड़ आदि मुद्दों पर भी भाजपा सरकारों को घेरा। उप प्रमुख रतनचंद्र ब्रह्मचारी और प्रदेश महासचिव संजीव तिवारी ने योग्य प्रत्याशी उतारने पर जोर दिया।
बैठक में मोबाइल कंपनियों की मनमानी पर रोक, बीएसएनएल को 4जी, 5जी की अनुमति, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (कानपुर-सागर) को फोरलेन करने, बुंदेलखंड राज्य बनाकर अगले वर्ष चुनाव, बुंदेलखंड की नदियों में अवैध खनन पर रोक, किसानों के कर्ज और नलकूपों के बिजली बिल माफ करने के मांगों के प्रस्ताव पास किए गए।
बैठक में डॉ. अशोक मित्तल (झांसी प्रमुख), फूलचंद्र विश्वकर्मा (ललितपुर), संतोष सिंह चौहान (जालौन) सहित बुंदेलखंड भवानी सेना प्रभारी ममता कश्यप, युवा प्रभारी संतोष खटिक, प्रदेश सचिव अशोक तिवारी (हमीरपुर), मनीष तिवारी (महोबा), गणेशदत्त शुक्ला (बांदा), शिवसागर सिंह (चित्रकूट), चित्रकूट मंडल प्रमुुख लक्ष्मी नारायण मिश्रा, झांसी मंडल प्रमुख प्रमोद श्रीवास्तव के अलावा मान सिंह (हमीरपुर), बबलू कुशवाहा (मौदहा), रामलाल पतंगा (भरुआ), सूर्यभान गुप्त, संतराम सोनकर व अरुण सिंह आदि मौजूद रहे।