बांदा/अतर्रा। लखीमपुर में किसानों की हत्या के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुंदेलखंड किसान यूनियन राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किसानों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर धरना दिया। धरने के बाद किसानों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि लखीमपुर किसान हत्याकांड में जिस तरह से जांच हो रही है, उसे पूरा देश निराशा और आक्रोश के साथ देख रहा है। साथ ही मांग उठाई कि केंद्रीय गृहमंत्री अजय मिश्रा टेनी को उनके पद से बर्खास्त किया जाए। उनकी गिरफ्तारी की जाए। घटना की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एसआईटी से कराई जाए। ज्ञापन देने में बाला जी, सरोज पाठक, रिषी यादव, दीपक राजपूत आदि मौजूद रहे।
उधर, अतर्रा में बुंदेलखंड किसान यूनियन की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनूपा सिंह के नेतृत्व में किसानों ने लखीमपुर प्रकरण के विरोध में नारेबाजी की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सौरभ शुक्ला को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में गौरव त्रिपाठी, कुलदीप, हरे कृष्ण, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, शिव सागर व लक्ष्मीकांत आदि मौजूद रहे।