बांदा। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग निदेशक/सचिव डा. रोशन जैकब (आईएएस) ने जिले की कई खदानों में बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण किया। निर्धारित पट्टे के बाहर बालू खनन समेत तमाम अनियमितताएं मिलने पर तीन पट्टाधारकों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। अवैध खनन वाली खदानों को निरस्त करने और उन्हें काली सूची में डालने के भी आदेश दिए हैं। साथ ही राजस्व क्षति की वसूली करने को भी कहा है।
डा. जैकब ने विभागीय सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जौहरपुर, कनवारा और पथरी खदानों का निरीक्षण किया। जौहरपुर खंड संख्या चार और पांच में निर्धारित पट्टा क्षेत्र के बाहर व खदान से सटे दूसरे खंड छह में अवैध खनन मिला। अन्य अनियमितताएं भी मिलीं। उन्होंने दोनों खंडों का पट्टा निरस्त करने को कहा। साथ ही खंड चार के पट्टाधारक मेसर्स राधिक कांस्ट्रक्शन के राकेश तिवारीऔर खंड पांच के पट्टाधारक वीएआर इंटर प्राइजेज के विजय कुमार जायसवाल के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने और काली सूची में डालने के निर्देश दिए। निदेशक ने सख्त तेवर अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में इस क्षेत्र में नए खनन पट्टा स्वीकृत न किया जाए। उक्त क्षेत्रों में संचालित पट्टो पर खनन व निकासी पर निगरानी रखने को कहा।
बेंदा खादर पट्टाधारक से नियमानुसार राजस्व क्षति की धनराशि वसूलने की कार्रवाई के निर्देश दिए। यहां के बाद उन्होंने पथरी खदान का निरीक्षण किया। यहां भी उन्हें निर्धारित सीमा से बाहर अवैध खनन मिला। निदेशक ने खनन पट्टा निरस्त कर काली सूची में डालने और पट्टाधारक जेएचवी स्टील लिमिटेड निदेशक अभिषेक जायसवाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कनवारा खंड संख्या चार में भी अवैध खनन मिला। पट्टाधारक मां काली टायर्स के दलपत सिंह से नियमानुसार राजस्व क्षति की धनराशि वसूलने और खनन पट्टा निरस्त कर काली सूची में डालने के निर्देश दिए हैं। निदेशक ने अधिकारियों से अवैध परिवहन पर लगाम लगाने को भी कहा। उनके साथ एडीएम संतोष बहादुर सिंह सहित हमीरपुर व बांदा खनिज अधिकारी आदि मौजूद थे।
इंसेट---
छह दिन रही टीम, 29 खनन क्षेत्रों का सत्यापन
बुंदेलखंड भ्रमण में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अवैध बालू खनन और ओवर लोडिंग पर सख्त तेवर अपनाने के बाद खनिज विभाग की नजरें बांदा में टिक गई हैं। 13 मार्च को लखनऊ की तीन टीमों ने भी जिलेभर की खदानों की जांच की। निदेशक डा. रोशन जैकब ने तीनों जांच टीम अधिकारियों के साथ समीक्षा की। खनिज अधिकारी ने बताया कि छह दिन यहां रही तीन टीमों ने सदर तहसील के 19 खनन क्षेत्र, पैलानी के छह, नरैनी के तीन और अतर्रा तहसील के एक खनन क्षेत्र (कुल 29 स्थानों) का स्थलीय सत्यापन किया।
इंसेट---
अवैध खनन का खेल पुराना
बुंदेलखंड में अवैध खनन का खेल नया नहीं है। स्थानीय लोगों के सहयोग से खनन माफिया ने जमकर बालू का अवैध खनन कराया। पुलिस को मिलाकर ओवर लोडिंग का खेल चला। अब शासन की नजरें इस खेल पर टेढ़ी होने से अवैध बालू खनन करने वालों में हड़कंप है।
इंसेट---
अवैध खनन नहीं छिपा सके पट्टाधारक
लखनऊ से आई तीन टीमों द्वारा खदानों का स्थलीय निरीक्षण से खदान संचालकों में हड़कंप रहा। तमाम पट्टाधारक पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की मदद से बालू खनन कराने के बजाए खदान क्षेत्रों में गहरे गड्ढों को भरवाने में जुटे रहे, लेकिन पट्टाधारकों की तमाम कोशिशें भी अनियमितताओं को छिपा नहीं सकीं। सूत्रों के मुताबिक निष्पक्ष कार्रवाई हुई तो कई बड़े इस खेल में फंसे नजर आएंगे।
इंसेट---
छह ओवरलोड ट्रक सीज
बेंदाघाट। खनन अधिकारी और संभागीय परिवहन अधिकारी की टीम ने जौहरपुर बालू खदान से बुधवार की रात को निकल रहे 6 ओवरलोड बालू ट्रकों को सीज किया है। इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि ओवरलोड ट्रकों को सीज कर बेंदा चौकी में खड़ा किया है। (संवाद)
इंसेट---
टीम के आने की लग गई थी भनक
बेंदाघाट। खनिज निदेशक डा. रोशन जैकब, बांदा व हमीरपुर खनन अधिकारी समेत एडीएम संतोष बहादुर, संभागीय परिवहन अधिकारी, इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन के पहुंचने से पहले ही खदान संचालकों को आने की भनक मिल गई थी। खदान संचालक ने जौहरपुर खदान से जेसीबी ओर पोकलैंड मशीन को सुबह ही हटवा दिया था। टीम पहुंचने पर ओवर लोड बालू भरे दर्जनों ट्रक गांव की गलियों से किसी तरह छिप छिपाकर बचकर निकल गए। (संवाद)