बांदा। तिंदवारी ब्लाक के परसौड़ा गांव में अस्थायी गोशाला संचालन का आठ माह का भुगतान न होने पर डीएम अनुराग पटेल ने ग्राम प्रधान अनामिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
परसौड़ा गांव के पूर्व प्रधान रामकरन यादव ने शिकायत की थी कि पिछले वर्ष अगस्त से अप्रैल 2021 तक अस्थायी गोशाला संचालन का भुगतान नहीं मिला। दिसंबर माह का कुछ और जनवरी माह का पूरा भुगतान खाते में भेजा गया है। शेष भुगतान नहीं हो रहा।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के अंदर बीडीओ के जरिये स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि समय पर और संतोषजनक स्पष्टीकरण न होने पर पंचायत राज अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तिंदवारी को निर्देश दिए हैं कि नोटिस ग्राम प्रधान को हर हाल में प्राप्त कराएं।