बांदा। स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले बांदा नवाब जुल्फिकार अली बहादुर सानी द्वारा बनवाया गया ऐतिहासिक नवाब टैंक अबकी स्वतंत्रता दिवस में आकर्षक और नए लुक में नजर आएगा।
यहां बनाए गए अटल सरोवर में 151 फीट ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज लहराएगा और उसकी परछाईं/प्रतिबिंब पानी में भी नजर आएगा। बांदा विकास प्राधिकरण ने नवाब टैंक के नजदीक अटल सरोवर पार्क बनाया है। इसी में 151 फीट ऊंचे पोल पर लगाए गए राष्ट्रीय ध्वज को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह प्रात: 11 बजे डोरी खींचकर फहराएंगे।
चारों ओर आकर्षक लाइटिंग की गई है। शनिवार को पूर्व संध्या पर आयुक्त सिंह सहित आईजी के. सत्यनारायणा, डीएम आनंद कुमार, एसपी अभिनंदन ने तैयारियों का जायजा लिया। इन सभी बड़े अफसरों ने लंबा चौड़ा तिंरगा अपने हाथों पर थाम कर सम्मान किया।
आयुक्त ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों और जिलास्तरीय अफसरों को इसमें आमंत्रित किया जाए। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट केशवनाथ गुप्ता, सीओ राकेश कुमार सिंह, प्राधिकरण सचिव बाबू सिंह, एक्सईएन ओपी द्विवेदी सहित एई नसीम अहमद, उद्यान अधिकारी परवेज, ईओ आदि मौजूद थे।