बांदा। जीआईसी ग्राउंड में मंगलवार को होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएम ने वर-वधू पक्ष व मेहमानों के लिए हेल्प डेस्क बनवाने की बात कही। वहीं, एसपी ने अपने अधीनस्थों से कहा कि जाम की स्थिति पैदा न हो।पार्किंग की भी व्यापक व्यवस्था की जाए।
बता दें कि 700 गरीब परिवार की बेटियों का सामूहिक विवाह मंगलवार को होना है। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे। इसी कड़ी में सोमवार शाम डीएम और एसपी जीआईसी स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
कार्यक्रम स्थल पर पेयजल व्यवस्था एवं मोबाइल शौचालय की व्यवस्था रहेगी। विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र की व्यवस्था के साथ, उनके जलपान एवं भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुस्लिम परिवार की गरीब बेटियों के लिए विधिवत उनके रीति रिवाज के वैवाहिक कार्यक्रम करने की व्यवस्था रखने की बात भी डीएम ने कही। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री वेद प्रकाश मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक श्री लक्ष्मी निवास मिश्रा आदि रहे l