बांदा। तालाब में नहा रही युवती से तीन युवकों ने रविवार की दोपहर छेड़छाड़ की। युवती के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। इस दौरान युवकों से बचाने आए पति और जेठानी को भी डंडों से पीटा।
तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को नामजद तहरीर दी है। एक अन्य घटना में खानदानियों ने युवती और उसके भाई को पीटकर जख्मी कर दिया। मटौंध थाना क्षेत्र के एक गांव में 28 वर्षीय युवती रविवार को दोपहर घर के नजदीक स्थित तालाब नहाने गई थी।
वहां पहले से मौजूद गांव के तीन युवक तालाब के भीटें में बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान शराब के नशे में युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। छेड़छाड़ के दौरान युवती के शोर मचाने पर पति और उसकी जेठानी आ गई।
विरोध किया तो दबंग युवकों ने डंडों से पीटकर घायल कर दिया और भाग गए। घायल युवती और पति ने थाने में नामजद तहरीर दी है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
उधर, पैलानी क्षेत्र के कुकुवा खास गांव निवासी मल्खे की पत्नी शकुंतला और उसके भाई चुन्नू को डंडों से पीटकर जख्मी कर दिया। शकुंतला को ज्यादा चोटें आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल ने बताया कि आए दिन खानदानी अभद्रता करते थे। भाई ने विरोध किया तो मारपीट की। पुलिस को तहरीर दी है।
डेढ़ वर्षीय बालिका संग रिश्ते के भाई ने किया दुष्कर्म
नरैनी। डेढ़ वर्षीय बालिका के साथ रिश्ते के 16 वर्षीय भाई ने दुष्कर्म किया। मां की तहरीर पर पुलिस ने किशोर उम्र आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बालिका का जिला महिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। घटना पांच दिन पुरानी है, लेकिन रिपोर्ट शनिवार की देर रात दर्ज हुई है। कालिंजर क्षेत्र के एक गांव निवासी बालिका 21 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे घर में अकेले खेल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाले रिश्ते का भाई उसे फुसलाकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया।
घटना के वक्त मां कोटा राशन लेने गई थी। लौटने पर बालिका ने रोते हुए इशारे से मां को जानकारी दी। चार दिन बाद बालिका की मां ने थाने पहुंचकर आरोपी किशोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करा दी।
मां का आरोप है कि वह घटना वाले दिन ही बेटी को लेकर थाने जा रही थी, लेकिन पारिवारिक दबाव के चलते वह उसी दिन तहरीर नहीं दे सकी। बगल में रह रही उसकी सास ने भी मासूम को आरोपी के घर से निकलते देखा था।
थाना इंस्पेक्टर भास्कर मिश्र ने बताया कि आरोपी किशोर के विरुद्ध दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रविवार को दोपहर आरोपी को पकड़ लिया गया है। बालिका जिला महिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। डीएनए जांच भी कराई जाएगी।