बांदा। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि सीएचसी और पीएचसी में चल रहे कायाकल्प के काम शीघ्र पूरे हों। तीसरी लहर के मद्देनजर सभी तैयारियां 15 दिन में पूरी की जाएं। मंडल में जिन चिकित्साधिकारियों का तबादला हुआ है उन्हें रिलीवर आने के बाद ही रिलीव किया जाए।
बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक में आयुक्त ने कहा कि डॉक्टरों के रिक्त पदों पर तैनाती के लिए शासन को पत्र पहुंचाएं। मंडल के जिन फ्रंटलाइन वर्कर और स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज नहीं लगी है, उन्हें एक सप्ताह के अंदर लगवाई जाए।
सीएमओ सुनिश्चित करें कि डिलीवरी सरकारी अस्पतालों में ही हो। लापरवाह आशा कर्मियों को हटा दिया जाए। टीकाकरण और तेजी लाएं। मुख्य विकास अधिकारियों से कहा कि हर ब्लॉक में बन रहे दो मनरेगा पार्कों का वह खुद निरीक्षण करें।
कहा कि सामुदायिक शौचालयों और ग्राम सचिवालयों में 15 दिन के अंदर बिजली कनेक्शन सुनिश्चित हो। आयुक्त ने अन्ना पशुओं के संरक्षण की समीक्षा में बांदा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह (बांदा), सुभ्रांत शुक्ला (चित्रकूट), ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (हमीरपुर) और सत्येंद्र कुमार (महोबा) सहित चारों जनपदों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।