Electrical technical personnel on fast for 48 hours
- फोटो : BANDA
बांदा। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ की बांदा यूनिट ने प्रदेश व्यापी आह्वान के तहत सोमवार को यहां 48 घंटे का क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। 29 नवंबर से लखनऊ में आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे प्राविधिक कर्मियों ने कहा कि ऊर्जा निगम के सभी टेक्नीशियन (टीजी-2) का प्रतिनिधित्व राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ करता है। ऊर्जा प्रबंधन की तानाशाही और अन्याय पूर्ण नीति के विरोध में आठ चरणों में 40 दिनों से जिला मुख्यालयों में आंदोलन चल रहा है। जिलाध्यक्ष लखनलाल पटेल ने कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा।
कहा कि टेक्नीशियन संवर्ग उपेक्षा का शिकार है, लेकिन अपने हक के लिए लामबंद होकर लड़ाई लड़ेगा। कार्यवाहक अध्यक्ष यदुवंश बहादुर ने कहा कि प्रोन्नति, अग्रिम इंक्रीमेंट, पेट्रोल भत्ता, उत्पादन निगम में प्रोन्नति कोटा आदि मांगों की अनदेखी की जा रही है।
उपभोक्ताओं का ख्याल रखते हुए अभी तकनीकी कर्मियों को आंदोलन से दूर रखा गया है। प्रबंधन का यही रवैया रहा तो 3 दिसंबर से सब स्टेशनों के कर्मी भी आंदोलन में शामिल हो जाएंगे। उपाध्यक्ष अशोक यादव ने भी संबोधित किया। धरने में सुनील पांडेय, नागेंद्र, मुलायम, अतुल गुप्ता, अजय, संजय, दिलीप, संतोष यादव इत्यादि शामिल रहे।