बांदा शहर के प्राथमिक विद्यालय लोधौरा में मुस्लिम महिलाओं ने भी किया जमकर मतदान।
- फोटो : BANDA
बांदा। जनपद की चार सीटों पर चौथे चरण में हुआ मतदान पिछले तीन चरणों के तर्ज पर रहा। बुधवार को बढ़े तापमान 33 डिग्री के बीच यहां लगभग 60 फीसदी वोट पड़े। कमोवेश यह पिछले चुनाव 2017 के बराबर है। चारों सीटों में कुल 13 लाख 7 हजार 810 मतदाता हैं। मतदान प्रतिशत के मुताबिक इनमें लगभग 7.85 लाख लोगों ने मतदान किया।
सुबह से ही मौसम साफ था। सूरज चढने के साथ ही जहां तपिश बढ़ी वहीं मतदान का ग्राफ भी चढ़ता रहा। दोपहर तक शहर और ग्रामीण मतदान केंद्रों में लंबी-लंबी लाइनें रहीं। दोपहर ढलने के बाद ही मतदाताओं का हुजूम भी घटने लगा। बांदा शहर के सभी .... मतदान केंद्रों में शाम 5 बजे के बाद सन्नाटा छा गया। बाजारें और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद होने के बावजूद दिनभर शहर और कस्बों की सड़कों और मतदाताओं की आमदरफ्त से व्यस्त रहीं। पुलिस और प्रशासन ने निजी वाहनों के इस्तेमाल पर बहुत ज्यादा सख्ती नहीं बरती। मतदान केंद्रों से 200 मीटर दूर तक वाहन आते-जाते रहे।
कुछ स्थानों पर ईवीएम की गड़बड़ी आदि से मतदान 20 मिनट से लेकर एक घंटा तक लेट हुआ। इसके बाद दिनभर सामान्य गति से मतदान चला।
शहर में सभी इलाकों में सुबह से दोपहर तक ही मतदाताओं की संख्या ज्यादा रही। महिला-पुरुष, बूढ़े-बुजुर्ग, युवा सभी ने मतदान को लेकर खास उत्साह था। अलबत्ता अंत तक और मतदान के बाद भी मतदाताओं ने मतदान की गोपनीयता बरकरार रखी। मतदान में सुरक्षित सीट नरैनी के मतदाता सबसे ज्यादा बूथों पर पहुंचे। यहां मतदान का ग्राफ 62.15 फीसदी रहा। सदर सीट पर 62 फीसदी लोगों ने वोट डाले।
मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक डा.एसके भगत ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों का जायजा लिया। डीएम अनुराग पटेल, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भी अलग-अलग अपनी टीमों के साथ मतदान केंद्रों में भ्रमण करते रहे। शाम करीब 7 बजे से मंडी समिति परिसर में पोलिंग पार्टियों की वापसी शुरू हो गई। यहां देर रात तक ईवीएम और मतदान संबंधी अन्य अभिलेख जमा करने का सिलसिला चलता रहा।