बांदा। मंडल मुख्यालय के बांदा व अतर्रा में दीपावली मेले की तैयारियां शुरू हो गईं। शहर में जहीर क्लब और अतर्रा में गौरा बाबा में 28 अक्तूबर से 4 नवंबर तक मेला लगेगा। मेले का शुभारंभ 30 अक्तूबर को प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री लाखन सिंह राजपूत करेंगे। मेेले में सौ से ज्यादा स्टाल लगाने लक्ष्य रखा गया है। ज्यादातर स्टाल सरकारी विभागों के होंगे। मिट्टी के बर्तन और शजर उद्योगों से संबंधित स्टाल लगेंगे। मेले में रेहड़ी दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों के मनोरंजन और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा।
शासन के निर्देश पर इस वर्ष लोगों को एक ही जगह से विभिन्न उत्पाद खरीदने सहित योजनाओं से संबंधित जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन दीपावली मेला लगाने जा रहा है। शहर में जहीर क्लब मैदान व अतर्रा में गौरा बाबा में मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
मेले में सरकारी विभागों सहित रेहड़ी दुकानदार, कुम्हारी कलां, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी), स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्वनिर्मित उत्पाद, खाद्य एवं प्रसंस्करण सहित सरकारी विभागों के संबंधित सौ से अधिक स्टाल लगेंगे। डिजिटल लेनदेन व स्वनिधि सहित विभिन्न ऋण से संबंधित जानकारी के लिए बैंकों के स्टाल लगेंगे। देसी व्यंजनों से संबंधित खानपान की भी दुकानें होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम दीवारी नृत्य, जादू, नाटक, जवाबी कीर्तन सहित बच्चों के मनोरंजन से संबंधित सामग्री का समावेश होगा। मेले में दुकानदारों को दुकानों का आवंटन नि:शुल्क होगा।
मेले की सफलता के लिए जिले के 28 अधिकारियों की मेले में ड्यूटी लगाई गई है। अपने-अपने विभागों से संबंधित स्टालों में रहकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे। सिटी मजिस्ट्रेट केशवनाथ गुप्ता ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वह मेले की सफलता के लिए प्रचार-प्रसार करें। निर्धारित तिथियों में मेले में उपस्थित रहेंगे।
इन्हें सौंपी गई मेले की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने मेले के आयोजन की जिम्मेदारी एसपी, सीएमओ, सीडीओ, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), एसडीएम बांदा, अतर्रा, नरैनी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बांदा, अतर्रा, विद्युत विभाग शहर/ग्रामीण, लीड बैंक मैनेेजर, एपीओ डूडा, महाप्रबंधक उद्योग, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान को सौंपी है।
मेले की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। 28 अक्तूबर को मेले की शुरुआत होगी। मेले में सौ से अधिक सरकारी व व्यापारियों के स्टाल लगेंगे। मनोरंजन, प्रतियोगिता आदि की व्यवस्था रहेगी। जिले के कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है।
- केशव नाथ गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट, बांदा