चचेरे भाई की हत्या में गिरफ्तार लियाकत।
- फोटो : amarujala
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बगेहटा गांव में खलिहान की जमीन के एक टुकड़े के लिए चचेरे भाई ने ही किसान की हत्या की थी। रजाई ओढ़कर सोते समय भाई को मौत के घाट उतारने के बाद नाटकीय ढंग से हत्याभियुक्त मृतक के परिजनों से हमदर्दी जताता रहा और अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ। पुलिस ने हत्या में शामिल की गई अवैध बंदूक भी बरामद कर ली है।
10 नवंबर की रात अक्की खां पुत्र मुख्तार गांव में अपने ट्यूबवेल पर सो रहा था। तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव बुरी तरह जला दिया। मृतक के भाई अफसर खां ने अज्ञात के विरुद्ध कत्ल की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी डा.श्रीपति मिश्र ने मीडिया को बताया कि हत्याकांड में पुलिस ने लियाकत खां पुत्र फैय्याज खां को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मृतक अक्की का चचेरा भाई और बगेहटा का ही रहने वाला है। अभियुक्त के दिए बयान का हवाला देकर एसपी ने बताया कि पिछले साल खलिहान की जमीन को लेकर अभियुक्त लियाकत और अक्की के बीच रंजिश हो गई थी। इसी में यह हत्या अंजाम दी गई। एसपी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई एकनाली बंदूक भी बरामद कर ली गई है।
अभियुक्त के मुताबिक यह फैक्टरीमेड बंदूक उसने 20 हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस बंदूक बेचने वाले की तलाश कर रही है। हत्याभियुक्त ने बताया कि अक्की रजाई ओढ़ कर सो रहा था। तभी रजाई के ऊपर से ही बंदूक की नाल सटा कर उसने गोली मारी। नाल से बारूद की निकलने वाली चिंगारी से रजाई में आग लग गई। उसी से शव जल गया।
यह भी बताया कि रात करीब 11:30 बजे उसने यह वारदात अंजाम दी। किसी को भनक नहीं लगने दी। वह घर पर ही रहा और मृतक के पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ। कोतवाली प्रभारी प्रेम कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को अभियुक्त लियाकत को उसके घर से दबोचा। क्षेत्राधिकारी सत्यवीर सिंह भी इसमें लगे हुए थे। एसपी ने पुलिस पार्टी को 2,500 रुपये इनाम और अपर एसपी व क्षेत्राधिकारी को प्रश्स्ति पत्र दिया है।