बांदा। बीडीसी प्रत्याशी के 13 साल के बेटे को वीभत्स
ढंग से कत्ल कर दिया गया। इससे पहले महुआ और बड़ोखर खुर्द ब्लाकों के
बीडीसी प्रत्याशियों के पुत्र व भतीजे की हत्या की जा चुकी है। इनका खुलासा
भी नहीं हुआ था कि एक और सनसनीखेज वारदात हो गई।
चिल्ला थाना
क्षेत्र के पदारथपुर गांव निवासी राजेंद्र रैदास उर्फ कन्नू तिंदवारी ब्लाक
के वार्ड-23 से बीडीसी प्रत्याशी हैं। यहां 13 अक्तूबर को वोट पड़े थे।
बुधवार को शाम छह बजे उनका पुत्र अनुज गांव में सजे पंडाल में मां दुर्गा
की प्रतिमा देखने गया था। देर रात तक न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की
तो गांव के बाहर प्राइमरी स्कूल के पीछे खंडहर में वह मरणासन्न हालत में
मिला।
उसके हाथ-पैर पेड़ पर लिपटने वाली बेल से बंधे थे। सिर पर
चोट और बायीं आंख से खून बह रहा था। मुंह में चारा ठुसा हुआ था। घुटनों में
भी चोटें थीं। घरवालों ने चिल्ला थाने में सूचना दी और उसे तत्काल जिला
अस्पताल लाए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को शव का
पोस्टमार्टम किया गया।
पिता राजेंद्र ने बताया कि अनुज आठवीं कक्षा
का छात्र था। उसकी किसी से रंजिश नहीं है। इस बाबत थानाध्यक्ष अनीता सिंह
चौहान का कहना है कि पिता ने तहरीर में बताया है कि अनुज को रात 8 बजे गांव
के दो लोगों के साथ देवी पंडाल के पास देखा गया था। दोनों युवक गांव के ही
हैं। क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार ने भी मौका मुआयना किया।
---