बांदा। झुमकी चोरी के आरोप से क्षुब्ध युवती ने ससुराल में आग लगाकर जान दे दी। उधर, अलग-अलग घटनाओं में चिराग से दो युवतियां झुलस र्गइं। एक अन्य घटना में युवक ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मटौंध थाना क्षेत्र के सुरौली गांव निवासी जानकी (25) पत्नी अखिलेश ने रविवार को सुबह ससुराल में मिट्टी तेल छिड़कर आग लगा ली। ससुरालीजनों ने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर ईएमओ ने उसे कानपुर रिफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। शव को मर्च्युरी में रखा दिया गया। मृतका के भाई सरबई (छतरपुर) निवासी दयाराम ने बताया कि 16 जुलाई को पति अखिलेश जानकी को विदा कराकर लाया था। सास उस पर झुमकी चुराने का आरोप लगा रही थी। इससे क्षुब्ध होकर उसने आग लगा ली। शादी एक साल पहले हुई थी। उधर, पति का कहना है कि खाना बनाते समय कपड़ों में आग लगने से घटना हुई।
उधर, बबेरू कोतवाली क्षेत्र के औगासी गांव निवासी शोभा (18) पुत्री कल्लू शनिवार की रात चिराग ऊपर गिरने से झुलस गई। सीएचसी बबेरू से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। छौंक (कालपी) निवासी सुमन (35) पत्नी धर्मेंद्र चिराग गिरने से झुलस गई। बाबूलाल चौराहा निवासी मायके वालों ने उसे ससुराल से लाकर यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक अन्य घटना में गिरवां थाना क्षेत्र के ऐला गांव निवासी इंद्र कुमार (30) पुत्र रामबहोरी ने रविवार को सुबह घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक कामकाज को लेकर डांटने पर जहर खाया।