अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। बाइकों की टक्कर के बाद हुए विवाद में दबंग बाइक सवार ने दूसरे बाइक सवार को तमंचे की बट से पीटा और फायर कर दिया। बाइक सवार बाल-बाल बच गया। आरोपी बैग और तमंचा छोड़कर भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, अलग-अलग घटनाओं में चार लोग घायल हो गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र का अरुण कुमार (25) पुत्र गुलाब व दोस्त अभिषेक सिंह (24) पुत्र राजबहादुर शुक्रवार की सुबह बाइक से दवा लेने कनवारा गांव गया था। वापसी में पुलिस लाइन के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी बाइक से वह भिड़ गया। दोनों के बीच बहस हो गई। कुछ देर बाद दूसरे बाइक सवार ने पहले तमंचे की बट से अरुण व अभिषेक पर हमला किया और फिर फायर कर दिया। पुलिस ने बैग व तमंचा बरामद कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अन्य घटना में सिजवाही मौदहा (हमीरपुर) का राजू (35) पुत्र मइयादीन शुक्रवार की सुबह बाइक से बांदा आया था। सिविल लाइन में ई-रिक्शा चालक ने पीछे से टक्कर मार दी।
उधर, अमलिहा (चित्रकूट) का आकाश (20) पुत्र नीरज त्रिपाठी शुक्रवार की सुबह बदौसा कोचिंंग पढ़ने जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। एक अन्य घटना में कमासिन थाना क्षेत्र का शोभित (18) पुत्र तीरथ गुरुवार की रात बाइक से रामलीला देखकर लौटते समय राजापुर रोड के पास सड़क बनाने वाली मशीन से टकरा कर घायल हो गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव के मजरा परहनपुरवा निवासी रामबाबू (40) पुत्र धनराज गुरुवार की रात साइकिल पर जाते समय मेडिकल कालेज के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
-तमंचा और बैग छोड़कर फरार हुआ आरोपी
-अन्य सड़क हादसों में चार लोग घायल