बांदा। बबेरू में सोमवार की रात सराफा कारोबारी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों के संदेह जताने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, पति का कहना है कि अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के नगर निवासी अमित कुमार सोनी की पत्नी पल्लवी सोनी (32) की सोमवार की रात मौत हो गई। पति व ससुराल के अन्य लोगों का कहना है कि पल्लवी की कमर में तेज दर्द होने पर प्राइवेट डॉक्टर को बुलाकर इलाज कराया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। इस पर उसे सीएचसी ले गए, वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों की बात पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम की मांग की। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक पल्लवी सोनी के चाचा राजेश कुमार सोनी ने बताया कि पल्लवी का मायका भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर) है। 18 जनवरी 2019 को उसकी शादी हुई थी। उसके एक पुत्र है। उन्होंने बताया कि पल्लवी का शरीर नीला पड़ा था। इसी वजह से पोस्टमार्टम की मांग की गई। साथ ही रोष जताया कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए सुबह से पुलिस का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक कोई भी पुलिस कर्मी मोर्चरी नहीं पहुंचा। जबकि रात में ही कोतवाली पुलिस को संबंधित अभिलेख भेजकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए अवगत करा दिया गया था। पंचनामा में लेटलतीफी से शव खराब हो रहा है। परिजन अलग परेशान हैं।