नरैनी। राजनैतिक दल जिन्ना की तुलना सरदार पटेल जैसे महापुरुषों से कर रहे हैं। हम पिछड़ों की लड़ाई लड़ रहे हैं और लड़ते रहेंगे। अनुसूचित जाति आयोग की तरह पिछड़ी जाति का आयोग भी देश में होना चाहिए। यह बात अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कही। वह शनिवार को यहां ब्लाक परिसर में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बीत चुके हैं। हम चाहते हैं कि अनुसूचित जाति आयोग की तरह पिछड़ी जाति आयोग भी देश में बने। ताकि सभी को शीघ्र न्याय मिले। जिस फूलपुर में सोनेलाल पटेल के साथ पुलिस ने बर्बरता की थी अब वहीं 25 किलोमीटर सड़क का नामकरण सोनेलाल जी के नाम से हुआ है। प्रतापगढ़ में डॉ. सोनेलाल मेडिकल कालेज अपना दल की उपलब्धि है।
अनुप्रिया ने कहा कि पार्टी संस्थापक डॉ. पटेल जो मशाल लेकर चले थे हम सब मिलकर उसका उजाला फैलाते रहेंगे। कहा कि नीट परीक्षा में ओबीसी का कोई आरक्षण नहीं था। हमने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया और 27 फीसदी आरक्षण लागू करवाया। 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा भी हमने सदन में उठाया।
रैली मंच पर अपना दल नेताओं ने पार्टी मुखिया का जोरदार स्वागत किया। बुंदेलखंड प्रभारी कालका प्रसाद निरंजन ने चांदी का मुकुट पहनाया। कई कार्यकर्ताओं ने देवी-देवताओं की प्रतिमाएं और तलवार भेंट की।
प्रदेश के राज्यमंत्री जय कुमार जैकी, राष्ट्रीय महासचिव आरबी सिंह पटेल, प्रवक्ता राजेश पटेल, रामलखन पटेल, जिलाध्यक्ष रामनरेश पटेल (बांदा), रामसिया फौजी (चित्रकूट), अनिल उमराव (फतेहपुर), ज्ञानेंद्र पटेल (महोबा) सहित पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णेंद्र पटेल, जिला पंचायत सदस्य मीराबाई, नरैनी क्षेत्र अध्यक्ष बाबू पटेल, मंगल सिंह, राजकिशोर पटेल आदि उपस्थित रहे।
अपना दल (एस) राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने प्रियंका गांधी द्वारा कांग्रेस में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने को बहुत अच्छा निर्णय बताया है। साथ ही यह भी जोड़ा कि कांग्रेस महिलाओं को आगे बढ़ाने की शुरुआत अपने शासन वाले राज्यों से करे।
विधानसभा चुनाव की बाबत कहा कि अभी भाजपा से बात फाइनल नहीं हुई है। हम अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। पिछले चुनाव में 11 प्रत्याशी खड़े किए थे। जिसमें नौ जीते। इस बार और ज्यादा सीटों पर लड़ने की तैयारी है। कहा कि भाजपा की भूमिका बड़े भाई की तरह है।