मतदान ग्राफ बढ़ाने के लिए किन्नरों के साथ बैठक करते डीएम अनुराग पटेल।
- फोटो : BANDA
बांदा। मतदान का ग्राफ बढ़ाने के लिए जुटे जिला प्रशासन ने शनिवार को ग्राम प्रधानों और किन्नरों को भी साथ जोड़ा। मेडिकल कालेज सभागार में जनपद के ग्राम प्रधानों की ‘मुखिया चले मतदान की ओर’ थीम पर आयोजित कार्यशाला में डीएम अनुराग पटेल ने प्रधानों से कहा कि 75 प्रतिशत से ज्यादा मतदान के लिए सहयोग करें। उधर, कलक्ट्रेट स्थित कक्ष में किन्नर (थर्ड जेंडर) के साथ बैठक कर उनसे भी सहयोग मांगा।
डीएम ने प्रधानों से कहा कि इस अभियान में आगे आएं और नाते-रिश्तेदारों के अलावा अपने गांव के लोगों को प्रेरित करें। जितना मतदान ज्यादा होगा लोकतंत्र उतना मजबूत होगा। डीएम ने बताया कि पिछले चुनाव में 97 बूथों पर 75 फीसदी से भी कम वोट पड़े थे।
इन बूथों पर विशेष अभियान चलाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। यहां विशेष अधिकारी लगाए गए हैं। कहा कि जिस ग्राम पंचायतों में 75 फीसदी से ज्यादा मतदान होगा वहां के प्रधान को वह सम्मानित करेंगे।
कार्यशाला को डीडीओ रवि किशोर ने भी संबोधित किया। एडीएम एमपी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट केशवनाथ गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आर्य कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने वंदना और स्वागत गीत पेश किया। कार्यशाला के बाद डीएम और ग्राम प्रधानों ढाई किलोमीटर दूर नवाब टैंक तक पैदल मार्च निकाला।
जो हमारा वोट डे, वही हमारा वेलेंटाइन डे
बांदा। 14 फरवरी को प्रेम पर्व वेलेंटाइन-डे पर भी मतदान बढ़ाने के आयोजन होगा। पहली बार मतदाता बने युवक-युवतियों के लिए थीम ‘जो हमारा वोट डे वही हमारा वेलेंटाइन-डे’ निर्धारित की गई है। एनआरएलएम समूह की महिलाएं इस दिन जागरुकता कार्यक्रम करेंगी। इसके अलावा 19 फरवरी को नवाब टैंक से विशेष अलख जगाते हुए जिले के सभी 1507 बूथों पर जागरुकता के संदेश दिए जाएंगे।