नरैनी (बांदा)। क्रिकेट जगत में बुंदेलखंड के क्रिकेटर्स भी बुलंदियों पर अपने नाम दर्ज करा रहे हैं। ताजी बानगी इस कस्बे के मूल निवासी और बेहतरीन क्रिकेटर्स सौरव चौहान हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में इस युवा खिलाड़ी को शामिल किया गया। बेस प्राइस मनी 20 लाख रुपये रही। आईपीएल की सूची में शामिल होने वाला
बुंदेलखंड का यह पहला क्रिकेटर है, हालांकि सौरव पर किसी ने दांव नहीं लगाया।
नरैनी के कालिंजर मार्ग में रहने वाले दिलीप सिंह चौहान कारोबार के सिलसिले में अब अपने परिवार के साथ अहमदाबाद (गुजरात) में रह रहे हैं। उनका 19 वर्ष का बेटा सौरव चौहान बेहतरीन बल्लेबाज है। एक वर्ष से वह गुजरात की टीम में शामिल होकर रणजी खेल रहा है। अबकी अंडर-19 आईपीएल की नीलामी सूची में सौरव का
नाम भी शामिल था। इसकी बेस्ट प्राइस 20 लाख रुपये तय की गई थी। रविवार (13 फरवरी) को बंगलूरू में टीमों की नीलामी हुई। कुल 590 क्रिकेटर्स शामिल थे। इनमें 370 भारतीय क्रिकेटर थे। अपने क्षेत्र के क्रिकेटर्स की इस शोहरत को देखने के लिए बड़ी संख्या में यहां युवा नीलामी के समय स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर नजरें गड़ाकर बैठ गए। इसका लाइव प्रसारण था। लेकिन किसी फ्रेंचाइजी द्वारा सौरव चौहान पर दांव नहीं लगाया गया। इसके बावजूद
स्थानीय युवाओं में इस बात को लेकर खुशी और उत्साह है कि उनके क्षेत्र का युवा क्रिकेटर इस मुकाम तक पहुंचा। सौरव गुजरात टीम में शामिल होकर कई प्रदेशों में मैच खेल चुका है। टॉप बल्लेबाजों में शामिल है। पिता दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि सौरव अगली बार के लिए और अच्छे से तैयारी में जुट गया है।