बांदा। राष्ट्रीय राजमार्ग में वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे के जाम में सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने समझाकर शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हेलमेट न लगाने से सिर पर गंभीर चोट आई। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के डिंगवाही गांव की है। शहर के मर्दन नाका निवासी फूलचंद्र का पुत्र अनिल कुमार (32) सोमवार को बाइक से ससुराल शहर मुख्यालय से लगभग आठ किमी दूर डिंगवाही गांव गया था।
रिश्तेदारों के यहां जाते समय बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग में तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे मौत हो गई। चालक वाहन लेकर भाग निकला। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
पुलिस को शव भी नहीं उठाने दिया। क्षेत्राधिकारी नगर राकेश कुमार सिंह और इंस्पेक्टर भास्कर मिश्र समेत कई चौकी का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। देर तक मनाने के बाद परिजन शांत हुए।
करीब एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी रक्षाबंधन पर अपने मायके डिंगवाही आई थी। उसी को लेने के लिए अनिल वहां गया था।