बांदा। नाती और भतीजे के बीच हुए झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे वृद्ध की मौत हो गई। परिजन धक्का लगने पर गिरने से मौत होना बता रहे हैं। वहीं, चर्चा है कि सिर पर डंडा लगने से मौत हुई। हालांकि पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव में गुरुवार की शाम धीरज और रानू सिंह के बीच विवाद हो गया। दोनों में डंडे चल गए। दरवाजे पर बैठे कुंजल सिंह (80) बीच-बचाव करने लगे, तभी वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बबेरू सीएचसी ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
उनके भतीजे धनराज सिंह ने बताया कि कुंजल सिंह का धीरज नाती है वह धीरज से अपनी उधारी मांगने घर आया था, तभी दोनों के बीच विवाद हो गया। बीच-बचाव में धक्का लगने पर कुंजल जमीन में गिरकर घायल हो गए। पुलिस उपाधीक्षक सत्यप्रकाश शर्मा का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।