बांदा। शौच को निकली युवती की हत्या कर शव जलाने का प्रयास किया गया। एंबुलेंस चालक पति ने बताया कि वह घर से शौच के लिए निकली थी। गला घोटकर हत्या करने और फिर शव जलाने की आशंका जताई है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
उधर, मायके वाले पति पर ही संदेह जता रहे हैं। कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस लाइन से चंद कदम दूर स्थित चांदमारी मैदान में शुक्रवार को सुबह जरैली कोठी निवासी शाकिर उर्फ बच्ची की पत्नी सफीउन निशा (35) का अधजला शव मिला। पेट और चेहरा बुरी तरह झुलसा था। पति शाकिर ने बताया कि वह एंबुलेंस चलाता है।
पत्नी सफीउन बृहस्पतिवार को शाम शौच को गई थी। इसी बीच वह भी एंबुलेंस लेकर जिला अस्पताल आ गया था। सुबह शव मिलने पर घटना की जानकारी हुई। शाकिर ने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों द्वारा पत्नी को दबोचने के बाद उसकी गला घोटकर हत्या कर दी गई। सुबूत मिटाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया गया।
सूचना पाकर एसपी अभिनंदन, सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह, कोतवाली नगर इंसपेक्टर भास्कर मिश्र फोर्स के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। परिजनों के भी बयान लिए। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है। दावा किया शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।
उधर, मृतका के पिता दतौली (फतेहपुर) गांव निवासी इमाम बख्श ने आरोप लगाया कि पति अक्सर शराब के नशे में बेटी को मारती-पीटता था। हत्या के बाद शव जला दिया गया। हालांकि, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।